Chhattisgarhकोरबाजनसेवा

केवल युवक-युवती नहीं, दो परिवारों का होता है मिलन: कोरबा परिचय सम्मेलन में संजय भूषण पाण्डेय का संदेश

कोरबा में प्रथम ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न, रिश्तों में विश्वास, स्वीकार्यता और संस्कारों पर दिया जोर

कोरबा। परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में प्रथम ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन परशुराम विप्र भवन, महाराणा प्रताप चौक, बुधवारी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां अपने परिजनों के साथ शामिल हुए। सम्मेलन में विवाह संबंधों को केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों के मिलन के रूप में देखने और रिश्तों में आपसी विश्वास, स्वीकार्यता व संस्कारों को महत्व देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे रहे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संघ संजय भूषण पाण्डेय ने की। विशिष्ट अतिथि देवेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सी.के. शर्मा ने किया।

इस अवसर पर परशुराम ब्राह्मण समाज कोरबा के अध्यक्ष बी.के. शुक्ला, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय, मनोज कुमार शर्मा, हरीश परसाई, एसईसीएल के जनरल मैनेजर द्विवेदी, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, वेद भूषण द्विवेदी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

महिला पदाधिकारियों में महिला अध्यक्ष श्रीमती सावित्री शुक्ला, संरक्षक श्रीमती कल्पना पाण्डेय, महासचिव श्रीमती भारती पाण्डेय, श्रीमती चंद्रलेखा पाण्डेय, श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, श्रीमती शोभना परसाई, श्रीमती ज्योति शर्मा और श्रीमती आँचल शर्मा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

रिश्ते में दो परिवारों का मिलन होता है: संजय भूषण पाण्डेय

अध्यक्षीय उद्बोधन में संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि परिचय सम्मेलन केवल दो व्यक्तियों के संबंध तय करने का आयोजन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से दो परिवारों का मिलन होता है। रिश्ते तय करते समय युवक या युवती में संपूर्ण गुण तलाशने के बजाय एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करने और सामंजस्य बनाने की भावना होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति पूरी तरह संपूर्ण नहीं होता, लेकिन आपसी समझ और स्वीकार्यता से रिश्ते मजबूत बनते हैं।

उन्होंने माता-पिता से अपने बेटे-बेटियों पर भरोसा रखने और उन्हें निर्णय लेने का अधिकार देने की अपील की। कहा कि कई बार माता-पिता अपनी सोच बच्चों पर थोप देते हैं। विवाह के समय भी डॉक्टर, इंजीनियर या किसी विशेष पेशे के युवक-युवती की अपेक्षा रखने से योग्य रिश्ते बनने में बाधाएं आती हैं। माता-पिता को अपनी अपेक्षाओं से आगे बढ़कर बच्चों को परिचय सम्मेलन का लाभ लेने देना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक रिश्ते बन सकें।

समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर

संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि समाज को शिक्षा के साथ आर्थिक क्षेत्र में भी आगे बढ़ना होगा। युवाओं को कौशल विकास योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ लेकर रोजगार के अवसर तलाशने चाहिए। समाज को व्यापार, उद्योग और व्यवसाय की दिशा में भी आगे बढ़ने की जरूरत है, जिससे आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत हो सके।

उन्होंने परशुराम भवन को समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि देवेन्द्र पाण्डेय द्वारा जमीन दान किए जाने से समाज को इतने बड़े भवन की सुविधा मिली है। यह परशुराम और विप्र समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ने कहा कि रायपुर में समाज के किसी भी व्यक्ति को जरूरत पड़ने पर वे सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने आत्मीयता के साथ कहा कि समाज के लोग समझें कि उनका एक भाई रायपुर में है, जो हमेशा साथ खड़ा रहेगा।

अंत में संजय भूषण पाण्डेय ने सफल आयोजन के लिए परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा को बधाई दी और समाज की आवश्यकता के समय सहयोग के लिए हमेशा साथ खड़े रहने का भरोसा जताया।

Related Articles

Back to top button