ज्ञानोदय विद्यालय में प्रतिभाओं का सम्मान: सांस्कृतिक छटा के बीच छात्रों को मिले पुरस्कार

परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी: डॉ. सुरेश यादव
जांजगीर चाम्पा। स्थानीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य वक्ता एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश यादव ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक (हिंदी व अंग्रेजी माध्यम) के अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड और पुरस्कार प्रदान किए गए। प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि “निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च आदर्श स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षण और खेलकूद गतिविधियों में विशेष योगदान दिया।
खेलकूद और रचनात्मकता को प्रोत्साहन
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों से नवाजा गया। साथ ही, विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में शामिल प्रतिभागियों को टिफिन, बॉटल और कंपास बॉक्स जैसे उपयोगी उपहार प्रोत्साहन स्वरूप दिए गए। विद्यालय प्रबंधन ने जोर दिया कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास के लिए आवश्यक हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
पुरस्कार वितरण के साथ-साथ विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य, देशभक्ति गीत और पारंपरिक लोक नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। दर्शकों की तालियों ने नन्हे कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का समापन भविष्य में भी इसी तरह के प्रेरणादायी आयोजनों के संकल्प और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।




