क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

पुरेना तालाब में मिली लाश की गुत्थी सुलझी; मोबाइल विवाद में नाबालिग साथियों ने मिलकर की थी राहुल की हत्या


जांजगीर चाम्पा। थाना शिवरीनारायण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है। ग्राम धरदेई के पास पुरेना तालाब में मिली राहुल चौहान की लाश के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। घटना का मुख्य कारण मोबाइल फोन पर लड़की से बातचीत को लेकर उपजी आपसी रंजिश बताई जा रही है।


क्या है पूरा मामला?
मृतक राहुल चौहान (निवासी दर्रा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) शिवरीनारायण मेला देखने आया था और ग्राम धरदेई में अपनी मौसी के घर रुका था। 11 फरवरी को उसकी हत्या कर लाश तालाब में फेंक दी गई थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब संदेहियों से पूछताछ की, तो एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) ने जुर्म कबूल किया।


मोबाइल विवाद बना हत्या की वजह
पूछताछ में खुलासा हुआ कि फरार मुख्य आरोपी का किसी लड़की से मोबाइल पर संपर्क था, जिसे लेकर वह मृतक राहुल से नाराज रहता था। इसी वैमनस्य के चलते आरोपी ने अपने नाबालिग साथी और अन्य के साथ मिलकर राहुल पर चाकू से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया गया था।


पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103 (1), 61 (2) BNS के तहत कार्यवाही की गई है। फिलहाल एक नाबालिग को पकड़ा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। इस त्वरित कार्यवाही में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान और पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button