कोरबाक्राइम

पुलिस पर मारपीट और पैसे लेने का आरोप, युवक पानी टंकी पर चढ़ा

कोरबा के नेवसा गांव में हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

🔴 Aaj Ki Baat News | कोरबा

कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और पुलिस कार्रवाई के विरोध में न्याय की मांग करने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और जबरन पैसे लेने के आरोप लगाए, जिसके बाद मौके पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को पहुंचना पड़ा। जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों युवकों का दावा है कि उन्हें मंगलवार को ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने लाया गया, जहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उनसे 23,500 रुपये ले लिए गए।

आरोपों से नाराज होकर टंकी पर चढ़ा युवक

बताया जा रहा है कि इन्हीं आरोपों से नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। बारिश के बीच भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने आरोपों को किया खारिज

वहीं हरदीबाजार थाना प्रभारी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ संचालन से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी। पुलिस का दावा है कि मारपीट या पैसे लेने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने भी उठाए सवाल

घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पुलिस लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। ग्रामीणों ने अनवर अली नामक युवक का भी उल्लेख किया, जिसके संबंध में परिजनों का कहना है कि वह पिछले चार दिनों से घर नहीं लौटा है।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार विमल खांडेकर सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशें जारी थीं।

Related Articles

Back to top button