देश-विदेश

व्हाइट हाउस डिनर में ट्रंप पर हमले की कोशिश: हिल्टन होटल में अंधाधुंध फायरिंग, राष्ट्रपति बोले- ‘एक खूंखार थग ने हमारे संविधान पर हमला किया’

वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में शनिवार रात उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के दौरान अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट के कई बड़े मंत्री मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को दबोच लिया है।

मैग्नेटोमीटर के पास चलीं 8 गोलियां, सुरक्षाकर्मी घायल
घटना रात करीब 8:40 बजे की है। हमलावर ने बॉलरूम के बाहर सुरक्षा घेरे (मैग्नेटोमीटर) को पार करने की कोशिश की और लगभग 5 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग की आवाज सुनते ही हॉल में मौजूद सैकड़ों पत्रकार और सेलिब्रिटी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए। इस गोलीबारी में एक सुरक्षा अधिकारी को करीब से गोली लगी, लेकिन बुलेट-प्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई।

ट्रंप का बयान: “यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला”
घटना के कुछ देर बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम से देश को संबोधित किया और ‘ट्रुथ सोशल’ पर भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा: यह एक शानदार शाम थी जो अभिव्यक्ति की आजादी को समर्पित थी, लेकिन एक खूंखार थग (thug) ने हमारे संविधान पर हमला करने की कोशिश की। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अद्भुत काम किया। उन्होंने बहुत तेजी और बहादुरी से इस हमलावर को धराशायी कर दिया।”
ट्रंप ने आगे बताया कि उन्होंने उस घायल अधिकारी से बात की है और वह ठीक है। उन्होंने यह भी कहा कि “हिल्टन होटल की इमारत उतनी सुरक्षित नहीं है”, और अपनी सुरक्षा नीतियों को और सख्त करने की बात दोहराई।

30 दिनों के भीतर दोबारा होगा कार्यक्रम
राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि प्रथम महिला, उपराष्ट्रपति और सभी कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण शनिवार के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है, लेकिन ट्रंप ने घोषणा की कि अगले 30 दिनों के भीतर इस डिनर का दोबारा और बेहतर तरीके से आयोजन किया जाएगा।

हमलावर की पहचान
जांच एजेंसियों के अनुसार, पकड़े गए संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला है। उसके पास से एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू बरामद हुए हैं। वह होटल में ही गेस्ट के तौर पर रुका हुआ था। फिलहाल एफबीआई (FBI) और सीक्रेट सर्विस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button