जाँजगीर -चाँपास्पोर्ट्स

जांजगीर में 1 फरवरी को होगी अंडर-19 राज्य स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता

अंडर-10, अंडर-15 व अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी लेंगे भाग, ₹30 हजार की इनामी राशि

जांजगीर-चांपा। जिले के शतरंज खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। जिला शतरंज संघ जांजगीर-चांपा द्वारा अंडर-19 राज्य स्तरीय एकदिवसीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 1 फरवरी 2026, रविवार को किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ राज्य शतरंज संघ से संबद्ध जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन हरियाली हेरिटेज, नेताजी चौक, अकलतरा रोड, जांजगीर में किया जाएगा।

जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष देवेंद्र राठौर एवं उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-10, अंडर-15 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग लेंगे। सभी वर्गों में बालक एवं बालिकाएं एक साथ खेलेंगे, लेकिन पुरस्कार अलग-अलग प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 9 बजे होगा। इसके पश्चात 9:30 बजे खिलाड़ियों की बैठक आयोजित की जाएगी और पहला राउंड प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता का समापन शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा। प्रतियोगिता रैपिड प्रारूप में 15 मिनट + 5 सेकंड इन्क्रीमेंट समय नियंत्रण के साथ खेली जाएगी।

प्रतियोगिता में कुल ₹30,000 की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि चौथे से छठे स्थान तक विशेष उपहार दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बेस्ट यंगेस्ट खिलाड़ी, बेस्ट जांजगीर-चांपा खिलाड़ी एवं दिव्यांग खिलाड़ी के लिए विशेष पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही 20 से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता वाले विद्यालयों को बेस्ट स्कूल अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रवेश शुल्क ₹400 निर्धारित किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026 है। 31 जनवरी 2026 को ₹200 विलंब शुल्क के साथ शाम 5 बजे तक प्रवेश स्वीकार किया जाएगा। इसके बाद स्पॉट एंट्री मान्य नहीं होगी। यह प्रतियोगिता केवल छत्तीसगढ़ राज्य के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है।

आयोजकों ने जिले सहित प्रदेश के सभी शतरंज खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं विद्यालयों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button