Chhattisgarhरायपुरस्पोर्ट्स

छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को 50 लाख की प्रोत्साहन राशि, कबड्डी में देश को दिलाई ऐतिहासिक जीत

विश्वकप की MVP रहीं संजू को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सौंपा चेक; छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी राशि

रायपुर, 18 अप्रैल 2026। भारत को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री  अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें यह राशि सौंपी।  राज्य में यह पहला अवसर है जब किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी प्रोत्साहन राशि दी गई है। इस दौरान बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी प्रदान किया गया।

विश्वकप में रही ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’

संजू देवी को नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्वकप में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ चुना गया था। फाइनल मुकाबले में भारत के 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने दिलाए थे। सेमीफाइनल सहित अन्य मैचों में भी उनका प्रदर्शन निर्णायक रहा।

छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू श्रमिक परिवार से आती हैं। उन्होंने बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली राज्य की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी बनीं।

एशियन चैंपियनशिप में भी दिलाया खिताब

संजू ने मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सरकार का संदेश: खिलाड़ियों को मिलेगा पूरा प्रोत्साहन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धियां प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली हैं और अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को प्रेरित करेंगी।

जुनून, मेहनत और संघर्ष की मिसाल

संजू देवी की सफलता उनके जुनून, कड़ी मेहनत, मानसिक मजबूती और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल किया और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं संजू

संजू का मानना है कि बड़े स्तर पर सफलता पाने के लिए मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है। उनका सफर युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है, जो खेल में करियर बनाने का सपना देखते हैं।


Related Articles

Back to top button