कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल पर की बात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रजत पदक जीतने पर दी बधाई, कहा- प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव निवासी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं विश्व स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और समर्थन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।



