प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

सेवा, सुशासन और जनकल्याण को बताया मोदी सरकार की पहचान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की कार्यशैली को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की सोच आज देशभर में दिखाई दे रही है।
गरीब, किसान और युवाओं के जीवन में आया बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प जनभागीदारी और विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ में विकास को मिली नई गति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंची है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ अब दूरस्थ जनजातीय इलाकों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने लोगों के जीवन में आशा और आत्मविश्वास बढ़ाया है।
जनभागीदारी और सुशासन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को व्यवहार और नीति का आधार बनाया है। यही कारण है कि आज देश सामाजिक समावेशन और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।



