कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों के समयसीमा में निराकरण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण, अभिलेखों के अद्यतन, जनगणना 2027 की तैयारी और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुशासन तिहार व राजस्व पखवाड़ा की तैयारी
कलेक्टर ने बताया कि जिले में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार और 4 मई से 18 मई तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें।
शासकीय भूमि संरक्षण पर जोर
बैठक में शासकीय भूमि के संरक्षण, चिन्हांकन और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर भौतिक सत्यापन कर सीमांकन किया जाए और अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती
कलेक्टर ने अवैध रेत परिवहन, अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।

राजस्व कार्यों की समीक्षा
बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बंटाकन, रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण और त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ई-कोर्ट में लंबित मामलों, भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान की भी समीक्षा की गई।

डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक परियोजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग, आधार सीडिंग और डिजिटल हस्ताक्षरित खसरा सहित राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक सेवा गारंटी, शिकायत शाखा और टीएल प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




