
बिलासपुर। सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की तत्परता और आधुनिक तकनीक की मदद से 5 साल के एक बच्चे की जान बचा ली गई। खेलते समय बच्चे ने 5 रुपये का सिक्का निगल लिया था, जो गले में श्वसन मार्ग के पास फंस गया, जिससे उसे सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी।
परिजन तत्काल बच्चे को सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बिना देर किए उपचार शुरू किया। अधिष्ठाता के मार्गदर्शन में ईएनटी विभाग की टीम गठित कर बच्चे को तुरंत ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।
बिना चीरे के निकाला गया सिक्का
डॉक्टरों ने एंडोस्कोपिक तकनीक का उपयोग करते हुए बिना किसी बड़े चीरे के सावधानीपूर्वक सिक्का बाहर निकाल लिया। पूरी प्रक्रिया के दौरान एनेस्थीसिया टीम बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रही।
समन्वय से सफल रहा ऑपरेशन
डॉक्टरों की सटीक रणनीति और बेहतर समन्वय के चलते ऑपरेशन सफल रहा और बच्चे की जान बच गई। फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और तेजी से स्वस्थ हो रहा है।
सफल उपचार के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।



