
सावन के पहले सोमवार पुटपुरा गौठान में हरिलीला ट्रस्ट का वृहद हरित अभियान, 500 पौधों का हुआ रोपण
जांजगीर-चांपा। सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट बनारी एवं श्री श्याम वेयरहाउसिंग एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड बनारी के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत पुटपुरा के गौठान परिसर में सोमवार को वृहद ‘हरित अभियान’ आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से 500 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय, हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया, सचिव अमर सुल्तानिया, जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता कश्यप एवं ग्राम पंचायत पुटपुरा की सरपंच सुचित्रा राठौर उपस्थित रहे।
पौधों की सुरक्षा का संकल्प लें: SP विजय पाण्डेय
सभा को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने कहा कि पेड़ों में भी जीवन होता है, जिसे विज्ञान भी प्रमाणित कर चुका है। इसलिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पेड़-पौधों से जुड़े वैज्ञानिक तथ्य साझा किए और कहा कि जिस प्रकार हम परिवार के सदस्यों की देखरेख करते हैं, उसी तरह अपने लगाए गए पौधों की भी नियमित संभाल करें। उन्होंने रक्षाबंधन पर पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया और ट्रस्ट की इस पहल की जमकर सराहना की।
आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प: लीलाधर सुल्तानिया
हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि ट्रस्ट स्थापना काल से ही शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। क्षेत्र को हरा-भरा और पर्यावरण को संतुलित बनाने के उद्देश्य से हर वर्ष यह अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
एक पौधा हजारों लोगों को देगा जीवन: अमर सुल्तानिया
ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को शुद्ध हवा, छाया और जीवन देगा। उन्होंने बच्चों को प्रत्येक पौधे को अपना मित्र मानकर उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। साथ ही कार्यक्रम में सहयोग देने वाले वन विभाग, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम का सफल संचालन साकेत तिवारी ने किया एवं आभार प्रदर्शन प्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि सरोज साहू, सचिव सुमित राठौर, सुनील पाण्डेय, मुकेश भोपालपुरिया, गोलू दुबे, प्रदीप राठौर, रामेश्वर पटेल, कृष्ण कुमार राठौर, कार्तिकेश्वर पांडे, अमर कुमार यादव, गंगाराम, अरुण, देवा यादव, रामकिशोर, मुकेश चौहान, राजकुमार, राधेश्याम शास्त्री, सोनू तिवारी, कार्तिक धीवर, किशोर, सुरेश सूर्यवंशी, श्रीमती पुष्पा श्रीवास, विपुल राठौर, राजाराम सिहानी, शिव कुमार साहू, नरोत्तम कटकवार, आशीष राठौर, भुनेश्वर राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
वहीं विद्यालय परिवार से प्रधान पाठक विवेक राठौर, अभिषेक खुरसे, योगेश्वरी तंबोली, विनीता राठौर, टीकम थवाईत एवं मुकेश चौहान सहित शिक्षकों ने भी अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।




