सुशासन तिहार: जशपुर के भैंसामुड़ा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी; ईंट जोड़कर किया श्रमदान, हितग्राही अनुसुइया का सपना हुआ पूरा

रायपुर 3 मई 2026 । सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जशपुर प्रवास के दौरान ग्राम भैंसामुड़ा में एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। विकासखंड पत्थलगांव के इस सुदूर गांव में पहुंचे मुख्यमंत्री ने न केवल प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के कार्यों का निरीक्षण किया, बल्कि स्वयं करणी उठाकर सीमेंट-गारे से ईंट जोड़ते हुए श्रमदान भी किया। मुख्यमंत्री की इस सादगी और संवेदनशीलता ने ग्रामीणों के बीच गहरी छाप छोड़ी है।
अचानक रुके और निर्माण कार्य में हुए शामिल
औचक निरीक्षण: मुख्यमंत्री श्री साय जब गांव से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर हितग्राही श्रीमती अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर पर पड़ी। वे तुरंत अपने वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और निर्माण की गुणवत्ता जांची। मुख्यमंत्री ने वहां काम कर रहे श्रमिकों से आत्मीय संवाद किया और उनके परिश्रम को प्रदेश के विकास की वास्तविक ताकत बताया।
साकार हुआ अनुसुइया का सपना: हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से देखा गया पक्के घर का सपना अब पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री को अपने घर की दीवार जोड़ते देख अनुसुइया और वहां मौजूद ग्रामीण भावुक हो उठे।
राजमिस्त्री से संवाद और जनकल्याण का संदेश
जमीनी हकीकत का जायजा: इस दौरान मुख्यमंत्री ने चंदागढ़ के राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी विस्तार से चर्चा की। श्री साय ने उनकी दैनिक मजदूरी, रोजगार की स्थिति और पारिवारिक हाल-चाल पूछा। उन्होंने श्रमिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री की यह पहल संदेश देती है कि शासन न केवल योजनाएं बना रहा है, बल्कि स्वयं मुख्यमंत्री जमीनी स्तर पर उसकी प्रगति की निगरानी कर रहे हैं। इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।




