10 हजार रुपये मांगना पड़ा भारी, टांगी से हमला कर कान काटने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

पैसे वापस मांगने पर युवक पर टांगी से हमला, गंभीर रूप से घायल प्रार्थी का कान कटा; अकलतरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किया।
🔴 Aaj Ki Baat News | अकलतरा
अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए पैसे वापस मांगने पर एक व्यक्ति पर टांगी से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में प्रार्थी का दाहिना कान गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने पिछले वर्ष दीपावली से पहले परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे। 8 जून की रात जब उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो वह नाराज हो गया और पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। शिकायत के मुताबिक आरोपी बाद में प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने टांगी से हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके कान में गंभीर चोट आई।
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी शनि केंवट (45 वर्ष) निवासी खोंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई सुरेंद्र कश्यप तथा प्रधान आरक्षक शरीफुद्दीन खान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




