राजधानी दिल्ली में डॉ. जी.सी. भारद्वाज को ‘भारत गौरव रत्न सम्मान’ साहित्य और समाज सेवा के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

जांजगीर-चांपा। शासकीय लक्ष्मणेश्वर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यरत प्रभारी प्राचार्य डॉ. जी.सी. भारद्वाज को उनके साहित्य सृजन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 17 अप्रैल 2026 को राजधानी दिल्ली में प्रतिष्ठित “भारत गौरव रत्न सम्मान” से अलंकृत किया गया। यह सम्मान प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी के हाथों प्रदान किया गया।
यह सम्मान विश्व संस्कृति एवं पर्यावरण आयोग के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान ग्रीन लॉज, नॉर्थ दिल्ली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में दिया गया, जिसमें देशभर के साहित्यकारों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी हैं डॉ. भारद्वाज
डॉ. भारद्वाज एक प्रखर शिक्षाविद्, स्वतंत्र लेखक, संवेदनशील कवि और बौद्ध विचारक के रूप में पहचान रखते हैं। उनकी साहित्यिक कृतियाँ समाज में जागरूकता, समरसता और मानवीय मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
शिक्षा और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान
शिक्षा, साहित्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र और शैक्षणिक जगत के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
बधाइयों का लगा तांता
डॉ. भारद्वाज की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, अधिकारी-कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। कोड़ाभाठ-खरौद मंडल अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह, बसंत यादव, उत्तम कुमार सोनी सहित प्रो. प्रसन्न शर्मा, प्रो. रंगनाथ यादव, डॉ. बलभद्र देवांगन, डॉ. शांति कुमार कैवर्त्य, डॉ. अजय शर्मा और प्रो. चंद्रशेखर तिवारी सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।




