Chhattisgarh

जांजगीर: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली समय-सीमा बैठक, पेयजल आपूर्ति और जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक लेकर जिले के विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था और शासन के निर्देशानुसार जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पेयजल और स्वच्छता पर विशेष जोर
कलेक्टर ने पीएचई और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बढ़ती गर्मी के बीच ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने हैंडपंपों की मरम्मत और नल-जल योजनाओं की नियमित जांच के निर्देश दिए। साथ ही, शहरों में सड़क, नाली निर्माण और साफ-सफाई कार्यों में विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी लाने को कहा।

राजस्व और जनहित के प्रकरणों का होगा त्वरित निराकरण
बैठक में लंबित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व मामलों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने इन्हें प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि:
राशन कार्ड: नए आवेदनों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि केवल पात्र हितग्राहियों को लाभ मिले।
पेंशन: समाज कल्याण विभाग को पेंशन के लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।
यातायात: सड़कों के किनारे खड़ी अव्यवस्थित गाड़ियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया।

पोर्टल पर अपलोड होगी जानकारी
कलेक्टर श्री महोबे ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि: सभी निर्माण कार्यों की जानकारी ‘जांजगीर-चाम्पा निर्माण पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
निर्माण स्थलों पर नागरिक सूचना पटल लगाया जाए, जिसमें कार्य की लागत, एजेंसी और समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी हो।
जनगणना कार्य में बरतें गंभीरता
शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को जनगणना कार्य को शत-प्रतिशत और पारदर्शी तरीके से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर गण और सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button