जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर: सिवनी च में गूंजी शहनाई, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 33 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

बम्हनीडीह और बलौदा परियोजना के जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न; जनप्रतिनिधियों ने उपहार और राशि भेंट कर दिया आशीर्वाद

जांजगीर चाम्पा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में आज जांजगीर-चांपा के सिवनी च स्थित शासकीय कन्या विद्यालय परिसर में ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत भव्य आयोजन हुआ। इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 33 जोड़ों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए। इस आयोजन में बम्हनीडीह परियोजना के 17 और बलौदा परियोजना के 16 जोड़े शामिल हुए।

शासन की ओर से मिली आर्थिक सहायता
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि योजना के अनुरूप प्रत्येक नवदंपति को शासन द्वारा निर्धारित सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है। विवाह संपन्न होने के तुरंत बाद सभी जोड़ों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। समारोह के दौरान कन्यादान की रस्म के साथ-साथ नव-दंपतियों को गृहस्थी का जरूरी सामान भी भेंट किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर और जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शारदा मदन देवांगन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों के सुखद और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने उत्सवपूर्ण माहौल में वर-वधू पर पुष्प वर्षा कर उन्हें विदा किया।

Related Articles

Back to top button