कवर्धा: प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या, बोरी में मिला शव; आरोपी दंपति ने किया सरेंडर

पांडातराई क्षेत्र में लापता युवक की हत्या का खुलासा, पुलिस जांच में सामने आई प्रेम प्रसंग से जुड़ी वजह।
कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोढ़ा गांव के पास नाले किनारे बोरी में मिले युवक के शव मामले में प्रेम प्रसंग हत्या की वजह बनकर सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
नाले किनारे बोरी में मिला था शव
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सोढ़ा गांव के पास नाले से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो एक बोरी में युवक का शव बरामद हुआ। बाद में मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई। परिजनों ने 28 मई को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक का गांव की एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। इसी दौरान महिला के पति को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। जांच के दौरान हत्या के पीछे इसी विवाद को प्रमुख कारण माना गया है।
आरोपी दंपति ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी रामस्नेही वर्मा और उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा पोड़ी चौकी पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




