जाँजगीर -चाँपास्पोर्ट्स

जांजगीर में सजेगा शतरंज का महाकुंभ: 19 अप्रैल को ‘वन डे रैपिड चेस टूर्नामेंट’, 1.2 लाख के इनामों की होगी बौछार

राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम: डीबी वेंचर्स और जिला शतरंज संघ की बड़ी पहल

जांजगीर-चांपा। जिला शतरंज संघ और डीबी वेंचर्स चांपा के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 19 अप्रैल 2026 को “वन डे रैपिड चेस टूर्नामेंट” का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट रोड स्थित जिला पंचायत ऑडिटोरियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

तीन वर्गों में होगी प्रतियोगिता
इस टूर्नामेंट को तीन मुख्य श्रेणियों में बांटा गया है, जिसमें अंडर-10, अंडर-15 और ओपन कैटेगरी शामिल है। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में शतरंज के खेल को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा और शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

विजेताओं के लिए नगद पुरस्कार और ट्रॉफी
आयोजकों ने प्रतियोगिता के लिए कुल 1.2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की है। ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 11,000 रुपये, द्वितीय को 7,000 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 5,000 रुपये के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा महिला वर्ग, वेटरन, दिव्यांग और सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं।

पंजीयन और नियम
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 निर्धारित है। ओपन वर्ग के लिए 800 रुपये, अंडर-15 के लिए 500 रुपये और अंडर-10 वर्ग के लिए 400 रुपये प्रवेश शुल्क तय किया गया है। छत्तीसगढ़ के सभी खिलाड़ियों के लिए राज्य शतरंज संघ का पंजीयन अनिवार्य होगा। टूर्नामेंट का संचालन फिडे (FIDE) के नियमों के आधार पर किया जाएगा।

जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र राठौर और उपाध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इस प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button