रायपुर माना एयरपोर्ट में बड़ा हादसा, सीलिंग से गिरा मजदूर

वेटिंग हॉल में मची अफरा-तफरी, 30 फीट ऊंचाई से गिरने पर मजदूर गंभीर रूप से घायल
रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वेटिंग हॉल की सीलिंग पर काम कर रहा एक मजदूर अचानक नीचे गिर पड़ा। हादसे के वक्त एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में यात्री अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। मजदूर के गिरते ही वेटिंग एरिया में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार मजदूर करीब 30 फीट से अधिक ऊंचाई पर सीलिंग की मरम्मत और तकनीकी कार्य में जुटा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे आ गिरा। हादसे में मजदूर को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एयरपोर्ट प्रबंधन को सूचना दी।
यात्रियों में मचा डर का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर यात्रियों के बेहद करीब गिरा। कुछ सेकंड का अंतर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद कुछ देर तक एयरपोर्ट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा और यात्री सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए।
घायल मजदूर को अस्पताल में कराया गया भर्ती
एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद माना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है। यात्रियों का कहना है कि एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। पुलिस यह जांच कर रही है कि मजदूर के पास सुरक्षा बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरण मौजूद थे या नहीं। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से भी आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। हादसा तकनीकी लापरवाही का परिणाम था या सुरक्षा मानकों की अनदेखी, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद होगा।
सोशल मीडिया पर भी उठे सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी एयरपोर्ट प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई लोगों ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।



