जांजगीर-चांपा: अपराध समीक्षा बैठक में SP का सख्त एक्शन, लापरवाह थाना व चौकी प्रभारियों को फटकार, बेहतर कार्य करने वालों का सम्मान

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अपराध समीक्षा बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने, अवैध शराब, जुआ-सट्टा पर कड़ी कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग के निर्देश दिए। लापरवाही पर बम्हनीडीह थाना प्रभारी व नैला चौकी प्रभारी को फटकार लगाई गई, जबकि अकलतरा और शिवरीनारायण थाना प्रभारियों को सम्मानित किया गया।
जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने शुक्रवार, 10 जुलाई को पुलिस लाइन जांजगीर में जनरल परेड का निरीक्षण करने के बाद जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित अपराध, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
फरार आरोपी, अवैध शराब और जुआ-सट्टा पर सख्ती
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही जुआ-सट्टा पर प्रभावी अंकुश लगाने, निगरानीशुदा एवं गुंडा-बदमाशों पर लगातार नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर दो अधिकारियों को फटकार
अपराध समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी बम्हनीडीह दिलीप सिंह को क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के मामलों को लेकर कड़ी फटकार लगाई गई। वहीं नैला चौकी प्रभारी रंजीत कंवर को रात्रि गश्त में लापरवाही तथा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करने पर सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने की हिदायत दी गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों का सम्मान
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। थाना प्रभारी अकलतरा भास्कर शर्मा को पाकिस्तानी समर्थित स्लीपर सेल के एक सदस्य की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता के लिए विशेष रूप से सराहा गया। वहीं थाना प्रभारी शिवरीनारायण कृष्ण पाल सिंह को गंभीर आपराधिक प्रकरण का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की रहेगी। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम तथा रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।




