कोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा: VIP रेस्ट हाउस में अधिकारियों की ‘शराब पार्टी’ पर मंत्री का छापा, रंगे हाथों पकड़े गए 5 अफसर

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी (CSPGCL) के वीआईपी रेस्ट हाउस से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। सरकारी गेस्ट हाउस के एक कमरे में अधिकारियों द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शराब पार्टी करने का खुलासा हुआ है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
मंत्री और विधायक के बगल वाले कमरे में चल रहा था नशा
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धर्मलाल कौशिक अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने कोरबा पहुंचे थे और वीआईपी रेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। उनसे शिष्टाचार भेंट करने के लिए उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बगल के ही एक कमरे में कुछ अधिकारी नशे में धुत होकर पार्टी कर रहे हैं।
चीफ केमिस्ट समेत 5 अधिकारी रंगे हाथों धराए
जब मंत्री और उनके साथ मौजूद लोग उस कमरे में पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। कमरे में सिगरेट का धुआं भरा हुआ था और शराब की बोतलें खुली थीं। मौके पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित कुल पांच अधिकारी जाम छलकाते पाए गए। अधिकारियों की यह अनुशासनहीनता देख मंत्री भड़क गए और उन्होंने तत्काल कंपनी प्रबंधन को तलब किया।
जांच शुरू, गिर सकती है बड़ी गाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्युत कंपनी के शीर्ष प्रबंधन को फोन कर सभी दोषी अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल और सख्त दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कंपनी प्रबंधन ने मामले की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इन अधिकारियों को जल्द ही निलंबित किया जा सकता है।
यह घटना सरकारी तंत्र में व्याप्त अनुशासनहीनता और वीआईपी प्रोटोकॉल की अनदेखी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है, जिसकी पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है।

Related Articles

Back to top button