संतोष सोनी दूसरी बार बने लायंस क्लब चांपा के अध्यक्ष, वासुदेव देवांगन होंगे सचिव

जांजगीर चांपा। Lions Club Champa की वर्ष 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी अधिवक्ता द्वारा क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन एमजेएफ लायन डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय नामांकन समिति का गठन किया गया।
समिति द्वारा बैठक कर विचार-विमर्श के बाद प्रतिवेदन तैयार किया गया, जिसे क्लब की सामान्य सभा एवं संचालक मंडल की बैठक में प्रस्तुत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए करतल ध्वनि से पारित किया।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी अधिवक्ता, सचिव पद पर लायन वासुदेव चंद देवांगन तथा कोषाध्यक्ष पद पर लायन राजेश अग्रवाल (केसी) को मनोनीत किया गया है।
वर्ष 2025-26 में संतोष कुमार सोनी के सफल कार्यकाल को देखते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनाए जाने के निर्णय का सदस्यों ने स्वागत किया।
मनोनीत अध्यक्ष एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में सभी लायन साथियों के सहयोग से चांपा क्लब सेवा कार्यों में नई पहचान स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि क्लब सामाजिक सेवा, जनहित गतिविधियों एवं स्थायी प्रकल्पों के माध्यम से लगातार समाजहित में कार्य करता रहेगा।
गौरतलब है कि लायंस क्लब चांपा पिछले 48 वर्षों से जरूरतमंद लोगों की सेवा के साथ-साथ लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल का संचालन कर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।




