क्राइमजाँजगीर -चाँपा

पुड़िया बेचते-बेचते पकड़ा गया युवक, घर की तलाशी में निकला 21 किलो गांजा

चांपा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, घर से 21.1 किलो गांजा और बिक्री के ₹10,450 नकद बरामद

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

चांपा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो पहले सड़क किनारे गांजा की पुड़िया बेचते हुए मिला। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद जब उसके घर की तलाशी ली गई तो वहां से 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुड़िया बेचने की सूचना से खुला बड़ा मामला

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमान चौक स्थित देवांगन पारा में एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद थाना चांपा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लिया।

घर से बरामद हुए चार पैकेट और दो बोरियां

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष) निवासी देवांगन पारा, चांपा बताया। पुलिस के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद घर की तलाशी ली गई, जहां खाकी टेप लगे चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा 21.1 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में उप निरीक्षक सत्यम चौहान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर सहित थाना चांपा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button