जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: सेवा सेतु पोर्टल बना सुशासन का मजबूत माध्यम, अब 441 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन

पंचायत स्तर तक पहुंची डिजिटल सुविधा, अब एक ही पोर्टल पर मिल रही आय, जाति, निवास समेत सैकड़ों सरकारी सेवाएं।

जांजगीर चाम्पा। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन पहल “सेवा सेतु” पोर्टल अब जांजगीर-चांपा जिले में आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत बनता जा रहा है। इस पोर्टल के जरिए अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कलेक्टर जनमेजय महोबे के निर्देशन में जिलेभर में सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत सचिवों, सेवा केंद्र संचालकों और विभागीय कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पंचायत स्तर तक पहुंचीं ऑनलाइन सेवाएं

प्रशासन का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं घर के नजदीक मिल सकें। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब पंचायत स्तर पर भी विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की गई है।

एक ही पोर्टल पर मिल रहीं सैकड़ों सुविधाएं

पोर्टल के जरिए आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख सेवाएं, नाम संशोधन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा श्रम, राजस्व और अन्य विभागों की कई सेवाएं भी अब ऑनलाइन माध्यम से दी जा रही हैं।

पहले लोगों को अलग-अलग कामों के लिए कई सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही पोर्टल से आवेदन कर निर्धारित समय सीमा में सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

ग्रामीण लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा

ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक सुनील कुमार साहू ने बताया कि लोक सेवा केंद्रों को अब सेवा सेतु केंद्र और ऑपरेटरों को सेवा सेतु प्रबंधक के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों के पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट बदलने, सफाई व्यवस्था और नाम परिवर्तन राजपत्र अधिसूचना जैसी कई सेवाएं भी ऑनलाइन जारी की जा रही हैं।

व्हाट्सएप से भी जुड़ा पोर्टल

सेवा सेतु पोर्टल को व्हाट्सएप से भी जोड़ा गया है। अब नागरिक घर बैठे व्हाट्सएप के जरिए सेवाओं और आवेदन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला और तहसील मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय के साथ आर्थिक बचत भी होगी।

पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा

प्रशासन का कहना है कि सेवा सेतु केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि शासन और नागरिकों के बीच भरोसे को मजबूत करने वाला माध्यम बन रहा है। ऑनलाइन आवेदन और ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह हुई है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक सेवा सेतु पोर्टल का उपयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button