bjpChhattisgarh

प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे: रायपुर में सीएम विष्णुदेव साय ने मशाल थाम निकाली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, प्रदेश के 38 स्थानों पर बनेंगे ‘संकल्प चौक’

इंदिरा गांधी कृषि विवि से तेलीबांधा तक उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री ने राजधानी के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने का किया ऐलान

🔴 आज की बात News | रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाथों में मशाल थामकर सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया और विशाल बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 प्रमुख स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही राजधानी के प्रमुख तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

25 वर्षों की यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित का प्रतीक: सीएम साय

विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला था। तब से लेकर आज तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर 25 वर्ष का कार्यकाल जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ मानते हुए 140 करोड़ भारतीयों के कल्याण के लिए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अभूतपूर्व प्रतिष्ठा हासिल की है। यह सेवा ज्योति यात्रा उनके इसी समर्पण को नमन करने और विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने का पावन अवसर है।

‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ से संवरेगा प्रदेश का भविष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण अपरिहार्य है। इसी विजन को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ तैयार किया है, जिसके माध्यम से हर वर्ग और क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ का चयन किया, जहां वैश्विक निवेशकों के साथ राज्य में निवेश और तकनीक साझेदारी पर सार्थक चर्चा हुई।

हाथों में मशाल लेकर निकले मुख्यमंत्री, तेलीबांधा तक निकली रैली

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को विकसित भारत व विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं हाथ में मशाल लेकर यात्रा की अगुआई करते नजर आए। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू हुई यह भव्य यात्रा तेलीबांधा चौक पर समाप्त हुई। मार्ग में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल की सराहना की और नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में जुटने की अपील की।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और हजारों नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, राम गर्ग सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में युवा व नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button