Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज जांजगीर में तिरंगा यात्रा: खोखरा मोड़ से जुटेंगे विद्यार्थी और नागरिक, जागेगी राष्ट्रीय चेतना

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग का भव्य आयोजन; सुबह 7 बजे से निकलेगी विशाल रैली

जांजगीर-चांपा। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर और जन-सामान्य के बीच देशभक्ति की अलख जगाने के उद्देश्य से जिलेभर में 7 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज, 9 अगस्त को जिला मुख्यालय जांजगीर में एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 7 बजे खोखरा मोड़ से शुरू होने वाली इस रैली में स्कूली विद्यार्थी, युवा और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय चेतना का संदेश देंगे।

खोखरा मोड़ से निकलेगी भव्य तिरंगा रैली

जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग, जांजगीर-चांपा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। आज सुबह 7 बजे खोखरा मोड़ पर एकत्र होकर छात्र-छात्राएं, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड्स के कैडेट्स हाथों में राष्ट्रध्वज थामे पदयात्रा निकालेंगे। शिक्षा विभाग ने इस गरिमामय आयोजन को पूर्ण अनुशासन और राष्ट्रीय सम्मान के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

रंगोली, विचार गोष्ठी और देशभक्ति प्रतियोगिताओं की धूम

तिरंगा रैली के साथ-साथ जिले के समस्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विविध रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शालाओं में विशाल तिरंगा रंगोली, कैनवास हस्ताक्षर अभियान, विचार गोष्ठी एवं देशभक्ति गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों और आमजनों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी फोटो आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

14 अगस्त को कैंडल मार्च और 15 को स्वाधीनता दिवस

अभियान की अगली कड़ी में 14 अगस्त को ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभाजन के पीड़ितों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया जाएगा और शाम को कैंडल मार्च निकाली जाएगी। इसके पश्चात 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस का मुख्य समारोह पूरे जिले में हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button