सारागांव: फार्म हाउस में चोरी के मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार, बाइक समेत चोरी का सामान जब्त

सारागांव पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सबमर्सिबल पंप, बिजली तार, रॉड कटर मशीन, पैनल, प्लास्टिक चेयर, घटना में प्रयुक्त बाइक और सब्बल बरामद किया।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
सारागांव थाना पुलिस ने फार्म हाउस में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और सब्बल बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रार्थी पवन राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एनएच-49 स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने फार्म हाउस से सबमर्सिबल पंप, बिजली तार, रॉड कटर मशीन, प्लास्टिक चेयर सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। 7 जुलाई की रात दो युवक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल में बोरी भरकर सामान ले जाते दिखाई दिए। संदेह होने पर उनका पीछा किया गया और सूचना मिलने पर सारागांव पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
जांच में फार्म हाउस के लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके कथन के आधार पर करीब 20 हजार रुपये कीमत का सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल, दो प्लास्टिक चेयर, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार गोयल (29 वर्ष) एवं महेश गोयल (27 वर्ष), निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




