विधायक जी की अनोखी शादी! लग्जरी कार छोड़ बैलगाड़ी से लाएंगे बारात, मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह में लेंगे सात फेरे

बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से समाज को नई दिशा दिखाने वाली एक बेहद अनूठी और सराहनीय खबर सामने आ रही है। अमूमन राजनेताओं और वीआईपी लोगों की शादियों में जहां करोड़ों रुपये का पानी कदर बहाया जाता है और लग्जरी गाड़ियों का काफिला नजर आता है, वहीं बेमेतरा के विधायक दीपेश साहू ने इसके उलट सादगी की एक मिसाल पेश की है। आगामी 31 मई को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू खुद सात फेरे लेने जा रहे हैं।
बैलगाड़ी में निकलेगी विधायक जी की बारात
इस विवाह की सबसे खास और दिलचस्प बात यह है कि विधायक दीपेश साहू किसी आलीशान गाड़ी या वीआईपी तामझाम के साथ नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति को सहेजते हुए बैलगाड़ी में सवार होकर अपनी बारात लाएंगे। गांव की इसी माटी की महक और सादगी के साथ वह विवाह बंधन में बंधेंगे। उनकी इस शादी में न तो कोई शाही इंतजाम होगा, न फिजूलखर्ची और न ही दहेज का कोई नामोनिशान।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू के साथ ही क्षेत्र के 24 अन्य जोड़े भी परिणय सूत्र में बंधेंगे। जिला प्रशासन द्वारा इस भव्य और सादगीपूर्ण आयोजन की तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए खुद सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा शासन के कई मंत्रियों और दिग्गज विधायकों के भी इस कार्यक्रम में जुटने की उम्मीद है।
दहेज और दिखावे जैसी कुरीतियों के खिलाफ बड़ी चोट
विधायक दीपेश साहू का यह कदम समाज में पैर पसार चुकी दहेज प्रथा और शादियों में होने वाले भारी-भरकम दिखावे के खिलाफ एक कड़ा संदेश है। अपनी इस अनोखी पहल पर बात करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा, “समाज को केवल भाषण देकर या बोलकर जागरूक नहीं किया जा सकता। बदलाव के लिए खुद को मिसाल बनना पड़ता है। समाज में सादगी और समानता को बढ़ावा देने के लिए यह मेरा एक छोटा सा प्रयास है।”
आज के दौर में जहां सामान्य परिवार भी कर्ज लेकर शादियों में अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च करते हैं, वहीं एक जनप्रतिनिधि द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह के मंच को चुनना छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक अनुकरणीय उदाहरण बन गया है।



