गरियाबंद में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, तीन चैन माउंटेन मशीन और हाईवा वाहन जप्त

पैरी नदी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ संयुक्त टीम की कार्रवाई, मशीनें सील कर संचालकों को जारी किया गया नोटिस।
🔴 Aaj Ki Baat News | गरियाबंद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। केंद्रीय खनि उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने पैरी नदी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन जप्त किया है।
पैरी नदी में मिला अवैध उत्खनन
खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देशानुसार 8 जून को संयुक्त टीम ने तहसील राजिम अंतर्गत ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मशीनों के माध्यम से नियम विरुद्ध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया।
तीन मशीनें सील, नोटिस जारी
कार्रवाई के दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत तीन चैन माउंटेन मशीनों को जप्त कर सील किया गया। साथ ही खदान संचालक एवं मशीन मालिकों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
अवैध परिवहन में लगा हाईवा भी जप्त
संयुक्त टीम ने अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाईवा वाहन को भी जप्त किया है। वाहन को सुरक्षार्थ राजिम थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
अवैध खनन पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी
खनिज साधन विभाग के सचिव ने कहा कि प्रदेश में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विभागीय अधिकारियों और उड़नदस्ता दलों को नियमित निरीक्षण एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।





