जहां एम्बुलेंस पहुंचना था मुश्किल, वहां अब डॉक्टर दे रहे सेवाएं; बस्तर मॉडल पर दिल्ली में अहम चर्चा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं की दी जानकारी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में विशेष रूप से ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ और दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन क्षेत्रों में कभी एम्बुलेंस पहुंचना भी चुनौती माना जाता था, वहां अब डॉक्टर, दवाइयां और स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंच रही हैं।

एक महीने में 21 लाख से अधिक लोगों की जांच
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री को बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमें दूरस्थ गांवों तक पैदल पहुंचकर लोगों की जांच कर रही हैं। गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार के अनुसार अब तक 21.86 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है और उनके डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए गए हैं। हजारों मरीजों को जरूरत के अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर भी किया गया है।
सुरक्षा शिविर बन रहे जन सुविधा केंद्र
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में पुराने सुरक्षा शिविरों को अब “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पहली बार कई बुनियादी सुविधाएं आसानी से मिलने लगी हैं। ग्रामीणों को अब इलाज, दस्तावेज और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है।
सुकमा से शुरू हुआ स्वस्थ बस्तर अभियान
उल्लेखनीय है कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की शुरुआत 13 अप्रैल 2026 को सुकमा से हुई थी। इस अभियान के तहत 36 लाख लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ‘बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर)’ अभियान के जरिए 31 प्रमुख योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जगदलपुर में नए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की शुरुआत भी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विकास रोडमैप पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने बस्तर के लिए तैयार विकास रोडमैप की भी जानकारी दी, जिसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में सकारात्मक बदलाव तेजी से दिखाई दे रहे हैं। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में हो रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 18 और 19 मई को बस्तर दौरा संभावित माना जा रहा है।




