CSP योगिताबाली खापर्डे की पहल, पाली में महिला कमांडो टीम गठित; SP ने किया सीधा संवाद

महिला-बाल सुरक्षा और साइबर जागरूकता को लेकर ग्रामीणों को दी जानकारी, संदिग्ध गतिविधियों और घटनाओं की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे की पहल पर ग्राम पाली में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस दौरान साइबर जागृति अभियान एवं महिला-बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में CSP योगिताबाली खापर्डे एवं चौकी नैला प्रभारी रंजीत सिंह कंवर द्वारा ग्राम पाली में सक्रिय महिलाओं को शामिल कर महिला कमांडो टीम गठित की गई।
SP ने वीडियो कॉल के जरिए किया सीधा संवाद
SP श्री विजय कुमार पाण्डेय ने ग्राम पाली में गठित महिला कमांडो टीम एवं ग्रामीणों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने महिला कमांडो का उत्साहवर्धन करते हुए महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और किसी भी आपराधिक घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला कमांडो गांव में जागरूकता और सुरक्षा की मजबूत कड़ी बनकर कार्य करें। उन्होंने महिलाओं से आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी परेशानी या घटना की जानकारी बिना संकोच पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
महिला कमांडो टीम के गठन का उद्देश्य
पुलिस के अनुसार, महिला कमांडो टीम का उद्देश्य गांव में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
साइबर अपराध और नए कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराध, साइबर अपराध तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में ग्रामीणों को सरल भाषा में जानकारी दी गई। नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल न होने तथा गलत गतिविधियों से दूर रहने के लिए समझाइश दी गई।
घटना-दुर्घटना की तत्काल सूचना देने की अपील
ग्रामीणों को बताया गया कि गांव में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, दुर्घटना, महिला या बालक संबंधी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें। पुलिस के अनुसार, समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर संभावित अपराध एवं दुर्घटना को रोकने में प्रभावी भूमिका निभा सकती है।




