अवैध कच्ची शराब के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार: जमीन में छिपाई 18 बोरी महुआ लहान और भट्ठियां नष्ट, 1 लाख का माल किया गया ध्वस्त

सबरिया डेरा में छापामार कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप, पैकेजिंग सामग्री और निर्माण उपकरण मौके पर किए गए जमींदोज
जांजगीर-चांपा। 29 अगस्त 2026। जिले में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार ने बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैडन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा मैखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम कोटमीसोनार स्थित सबरिया डेरा में ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध शराब की सक्रिय भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

जमीन खोदकर छिपाया गया था कच्चा माल
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर सबरिया डेरा क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाकर रखी गई लगभग 16 से 18 बोरी महुआ लहान, कच्ची शराब बनाने के बड़े बर्तन, चूल्हा, 6 नग जरकिन तथा शराब पैकेजिंग के लिए रखी गई करीब 300 नग सफेद झिल्ली/पाउच बरामद की गई। एसडीओपी अकलतरा मैखलेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर ही लहान और शराब बनाने के पूरे साजो-सामान को नष्ट कराया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
कोटमीसोनार क्षेत्र के सबरिया डेरा एवं धनवार डेरा में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा मैखलेन्द्र प्रताप सिंह, सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर, प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, सुधीर कुमार साहू, आरक्षक शुभम् एक्का, हमेन्द्र पाटले, जयनाथ दुग्गा, हेमंत साहू, रामकुमार नेताम एवं महिला आरक्षक रूखमणी कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




