जांजगीर पुलिस के “एक राखी साइबर जागृति की” अभियान में शामिल हुआ श्री श्याम ग्रुप, कर्मियों ने लिया डिजिटल सुरक्षा का संकल्प

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने पर उद्योगपति अमर सुल्तानिया ने पुलिस अधीक्षक व टीम को दी बधाई
जांजगीर-चांपा। 27 अगस्त 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “एक राखी साइबर जागृति की” में श्री श्याम ग्रुप परिवार ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई है। बनारी और मुड़पार स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने साइबर जागृति रक्षासूत्र बांधकर ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और सोशल मीडिया अपराधों से सतर्क रहने का संकल्प लिया।
जागरूकता को जनआंदोलन बनाने की जरूरत
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं उद्योगपति अमर सुल्तानिया ने जिले के 432 ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता से इस अभियान के ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज होने पर पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय व पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व को साइबर सुरक्षा से जोड़ना समाज के हर वर्ग तक संदेश पहुंचाने का एक प्रभावी प्रयास है।
“साइबर अपराध आज हर परिवार की सुरक्षा से जुड़ा विषय बन चुका है। राखी के पावन पर्व के जरिए घर-घर तक डिजिटल जागरूकता पहुंचाना पुलिस की सराहनीय पहल है। इस प्रकार के अभियानों से समाज में सुरक्षित डिजिटल माहौल तैयार करने में मदद मिलेगी।” — अमर सुल्तानिया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं उद्योगपति
संस्थान परिसर में कर्मचारियों को मिले सुरक्षा टिप्स
नैला उपथाना प्रभारी दिलीप वैष्णव एवं पुलिस टीम की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित कर्मियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता लेने के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर श्री श्याम ग्रुप के सुखवीर सिंह, रवि मरैय्या, सहदेव डहरे, प्रकाश अग्रवाल, बिमलेश प्रसाद, अजय अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



