नवागढ़ के ग्राम तुलसी में मानस मर्मज्ञ स्व. पं. सुशील शुक्ला की 10वीं पुण्यतिथि पर अखंड रामायण पाठ, मानस मंडली का हुआ सम्मान

जूनियर रविंद्र जैन के भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण, जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ नागरिकों ने श्रद्धासुमन किए अर्पित
जांजगीर-चांपा। 28 अगस्त 2026। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम तुलसी के प्रथम सरपंच, मालगुजार एवं मानस मर्मज्ञ कीर्तिशेष पं. सुशील शुक्ला की दसवीं पुण्यतिथि पर उनके गृह ग्राम में अखंड रामायण पाठ, मानस गायन, प्रवचन और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में ‘जूनियर रविंद्र जैन’ के नाम से प्रसिद्ध भजन गायक नीलम सिंह यादव ने ‘मंगल भवन अमंगल हारी’, ‘कांधे पर दो वीर बिठाकर चले वीर हनुमान’ और ‘सुनो रे राम कहानी’ जैसे भक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान को किया गया याद
कार्यक्रम में पहुंचे जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि पं. शुक्ला अपने सुकर्मों और विचारों से सदैव जीवित रहेंगे और उनकी स्मृति में एक दशक से हो रहा यह आयोजन उनके धार्मिक-सांस्कृतिक योगदान का सच्चा सम्मान है। पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश एवं चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि पं. शुक्ला का जीवन धर्म, समाजसेवा और संस्कृति को समर्पित रहा, जिन्होंने रामचरितमानस के जरिए लोगों को जीवन जीने की कला और संस्कारों से जोड़ा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जशपुर संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, डॉ. परस शर्मा और एसडीओपी लोकेश बंसल ने भी संबोधित करते हुए पं. शुक्ला के व्यक्तित्व को प्रेरणादायी बताया।

मानस मंडली और वरिष्ठ सहयोगियों का सम्मान
समारोह के दौरान पिछले 10 वर्षों से निरंतर रामायण गायन की परंपरा को जीवित रखने वाली जगदम्बा मानस मंडली के सदस्यों और पं. शुक्ला के वरिष्ठ सहयोगियों को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार सतीश कुमार सिंह व ज्योतिषाचार्य डॉ. राजेन्द्र शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुबोध शुक्ला ने किया। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल, ठाकुर गुलजार सिंह, कमलेश सिंह बाबा, एसडीओ फॉरेस्ट होरेशचंद्र शर्मा, तहसीलदार महेंद्र लहरे सहित शुक्ला परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



