जांजगीर-चांपा: ‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाए अमृत सरोवर और पीएम आवास, बिहान की दीदियों ने जलाया खुशियों का दीप


सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में दीपोत्सव और ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधियां संपन्न, ग्रामीणों ने लिया विकसित भारत का संकल्प
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले के शहरी और ग्रामीण अंचलों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। शाम 7 बजे जिलेभर के अमृत सरोवरों, प्रधानमंत्री आवासों, ग्राम पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ दीप प्रज्वलित किए गए। दीपोत्सव के साथ-साथ जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
पीएम आवासों और अमृत सरोवरों के तट पर दीपोत्सव

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने अपने पक्के घरों के आंगन में दीप जलाकर शासन की कल्याणकारी नीतियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं जल संरक्षण के प्रतीक अमृत सरोवरों के तटों पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से दीप जलाए, जिससे तालाबों के घाट रोशनी से आलोकित हो उठे।
बिहान की लखपति दीदियों ने साझा की आत्मनिर्भरता की खुशी

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों ने अपने घरों और कार्यस्थलों पर दीप प्रज्वलित किए। आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहीं महिलाओं ने दीप जलाकर अपनी आत्मनिर्भरता का उत्सव मनाया। रोजगार और आजीविका मिशन से जुड़े अन्य ग्रामीण परिवारों ने भी इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
स्वच्छता और श्रमदान का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। पंचायत प्रतिनिधियों, मैदानी अमले और स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छ परिवेश के निर्माण का संकल्प लिया। घर-आंगन से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक जलते दीपों ने जिले में सेवा, स्वच्छता और सहभागिता का संदेश दिया।





