पत्नी पर तारपीन तेल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास करने वाला शराबी पति गिरफ्तार: अकलतरा पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर 36 घंटे में दबोचा

घरेलू विवाद में जान से मारने की नीयत से लगाई थी आग; गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता रायपुर के डीकेएस अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पत्नी पर तारपीन का तेल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
विवाद और खौफनाक वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव (पिता गणेशराम यादव), मूल निवासी करूमंहू, विगत चार वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक 01 (अकलतरा) में रह रहा था। 12 अक्टूबर की रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और घरेलू बातों को लेकर पत्नी से गाली-गलौज व मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से घर में रखा तारपीन तेल पत्नी पर उड़ेल दिया और माचिस से आग लगा दी।
पड़ोसियों ने बचाई जान
आग लगते ही पीड़िता चीखते हुए घर से बाहर भागी। आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई, जिससे उसकी जान बची। हालांकि, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए सिम्स बिलासपुर और फिर डी.के.एस. अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। वहां पीड़िता का उपचार जारी है।
रायपुर से आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी डॉ. यूलैण्डन यार्क और एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सूत्रों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर फरार आरोपी लालमणी यादव को धर दबोचा।
बीएनएस की धाराओं में जेल
थाना अकलतरा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(2) एवं 109 के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, एएसआई सुरेन्द्र कश्यप और आरक्षक शेषनारायण साहू की मुख्य भूमिका रही।




