छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपाहादसा

तेज रफ्तार ‘सोल्ड’ कार ने बाइक सवार को रौंदा, छठी कार्यक्रम में आए युवक की दर्दनाक मौत

जांजगीर-चाम्पा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जगमहंत और बूढ़ेना के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहाँ एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ विकासखंड के ग्राम जेवरा निवासी विनय सागर अपने परिजनों के साथ नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम चौराभाटा में एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। परिजनों ने बताया कि विनय अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने की बात कहकर निकला था, तभी रास्ते में वह इस हादसे का शिकार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने बाइक को अपनी चपेट में लिया और बिना रुके जांजगीर की ओर भाग निकली। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल विनय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नवागढ़ पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।


CCTV फुटेज में दिखी बिना नंबर की क्षतिग्रस्त कार
पुलिस ने जब सड़क किनारे लगी दुकानों के CCTV कैमरों की जांच की, तो एक सफेद रंग की ‘सोल्ड’ (Sold) मारुति कार तेजी से गुजरती दिखाई दी। फुटेज में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं होने के कारण यह नई गाड़ी (सोल्ड) बताई जा रही है।

नवागढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर फरार वाहन और चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button