रायपुर से जयपुर जाना हुआ आसान: इंडिगो ने शुरू की नई कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा, जानें समय और किराया!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से राजस्थान के गुलाबी शहर जयपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo) ने रायपुर-हैदराबाद और हैदराबाद-जयपुर के बीच नई कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा शुरू कर दी है, जिससे अब सफर पहले के मुकाबले काफी सुगम और व्यवस्थित हो जाएगा।
भोपाल वाली फ्लाइट बंद होने के बाद नई व्यवस्था
विदित हो कि पहले रायपुर-भोपाल-जयपुर के बीच सीधी फ्लाइट संचालित होती थी, जिसे तकनीकी कारणों से बंद कर दिया गया था। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब नई व्यवस्था के तहत 72 सीटर विमान के जरिए यात्रियों को हैदराबाद होकर जयपुर पहुँचाया जाएगा। इस यात्रा का अनुमानित किराया 6,000 से 9,000 रुपये के बीच बताया जा रहा है।
फ्लाइट का नया शेड्यूल (समय सारिणी):
रायपुर से रवानगी: सुबह 9:00 बजे (हैदराबाद पहुँचने का समय 10:50 बजे)
हैदराबाद से जयपुर: सुबह 11:50 बजे (जयपुर पहुँचने का समय दोपहर 1:45 बजे)
यात्रियों को हैदराबाद में विमान बदलने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा, जिससे कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ना आसान होगा।
हवाई संपर्क होगा मजबूत
फिलहाल रायपुर से जयपुर के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है, ऐसे में हैदराबाद होकर यह नया रूट यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा। इस नई सेवा से रायपुर का हैदराबाद, जयपुर और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों के साथ हवाई संपर्क और भी बेहतर हो गया है।




