nationalदेश-विदेश

पश्चिम बंगाल के फाल्टा में चुनाव रद्द: सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा होगा मतदान; चुनावी गड़बड़ी पर आयोग का बड़ा फैसला

कोलकाता 3 मई 2026 । पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन और गंभीर चुनावी गड़बड़ियों को देखते हुए भारतीय निर्वाचन आयोग ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान को रद्द करते हुए अब फाल्टा की सभी 285 पोलिंग स्टेशनों पर 21 मई को दोबारा वोटिंग कराने का आदेश दिया है। इस विधानसभा सीट के नतीजे बाकी प्रदेश से अलग 24 मई को घोषित किए जाएंगे।

ईवीएम से छेड़छाड़ और डराने-धमकाने के आरोप इस कड़े फैसले के पीछे 29 अप्रैल को मतदान के दौरान हुई व्यापक अनियमितताएं बताई जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया था कि कई बूथों पर ईवीएम मशीनों में भाजपा उम्मीदवार के नाम और फोटो के बगल वाले बटन को सफेद टेप से ढक दिया गया था। इसके अलावा, हासिमनगर में ग्रामीणों को डराने-धमकाने की शिकायतें भी बड़े पैमाने पर मिली थीं, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

पुलिस को आयोग की सीधी चेतावनी चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना की डायमंड हार्बर जिला पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे ग्रामीणों को धमकाने वाले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के करीबियों पर तुरंत कार्रवाई करें। आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस निर्देशों का पालन करने और एफआईआर दर्ज करने में नाकाम रहती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मामले में अब तक पंचायत प्रधान इसराफिल चौकीदार सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

विशेष पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर बड़ा फैसला हालांकि, आयोग द्वारा नियुक्त विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने केवल 30 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग की सिफारिश की थी, लेकिन गड़बड़ियों की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने पूरे निर्वाचन क्षेत्र में फिर से मतदान कराना उचित समझा। फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र मतदान के दिन से ही चर्चा में रहा है, जब विशेष पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा और स्थानीय नेताओं के बीच हुई बातचीत के वीडियो वायरल हुए थे।

नतीजों की नई तारीख तय  गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की शेष 293 सीटों पर मतगणना 4 मई को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। लेकिन फाल्टा विधानसभा के लिए मतदान की प्रक्रिया 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा संपन्न होगी। इसके बाद 24 मई को फाल्टा के वोटों की गिनती की जाएगी, जिससे बंगाल विधानसभा की अंतिम तस्वीर साफ होगी।

Related Articles

Back to top button