नाबालिग से दुष्कर्म व मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

तीन साल से कर रहा था शोषण, बहला-फुसलाकर शादी का आरोप
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
तीन वर्षों से कर रहा था शोषण
पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपी प्रमोद निराला (21 वर्ष), निवासी अमरताल, ने पहचान का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर भगाया और नाबालिग होने के बावजूद उससे शादी कर ली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से उसका शोषण कर रहा था।
नशे में की मारपीट
बताया गया कि 31 मार्च की रात आरोपी ने शराब के नशे में पीड़िता के साथ डंडे से मारपीट की, जिससे उसके हाथ, कोहनी और घुटने में चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार आरोपी पूर्व में भी उसे प्रताड़ित करता रहा है।
चाइल्ड हेल्पलाइन से खुला मामला
पीड़िता द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
गिरफ्तारी के बाद भेजा गया जेल
विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में अकलतरा थाना पुलिस टीम के भास्कर शर्मा, स्वाति गिरोलकर, आरक्षक महेंद्र राज और गौकरण राय की अहम भूमिका रही।




