Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

जिला पंचायत सामान्य सभा में पेयजल व जलकर पर सख्ती, उद्योगों को नोटिस के निर्देश, अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी की बैठक में फ्लाईएश डंप का भौतिक सत्यापन और 10 दिन में रिपोर्ट मांगी

जांजगीर-चांपा, 29 अप्रैल 2026। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस
बैठक में पेयजल व्यवस्था और जल गुणवत्ता को लेकर गंभीर चर्चा हुई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ की जाए और जल की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही जल प्रबंधन एवं रखरखाव के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

जलकर वसूली में तेजी के निर्देश
जल संसाधन विभाग को लंबित जलकर वसूली प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से उद्योगों को नोटिस जारी कर बकाया जलकर की वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि राजस्व बढ़े और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन हो सके।

फ्लाईएश डंप पर कड़ी निगरानी
बैठक में उद्योगों द्वारा किए जा रहे फ्लाईएश डंप पर सदस्यों ने चिंता जताई। इस पर सभी डंप स्थलों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डंप स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

10 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
पर्यावरण विभाग को पूरे मामले में 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट देने के लिए भी कहा गया।

बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन कुमार जयपुरिया, सभापति एवं सदस्य प्रियंका सिंह क्षत्री, नेहा साहू, संतोषी सिंह रात्रे, प्रीति दिव्य, प्रमिला साहू, महादेव नेताम, उर्मिला यादव, उमा राजेंद्र राठौर, मोहन कुमारी साहू, आशा साव, सांसद प्रतिनिधि विवेका गोपाला, विधायक प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

10022669257020258121450940189

Related Articles

Back to top button