जनसेवाजाँजगीर -चाँपा

अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर जिला चिकित्सालय जांजगीर में नर्सों का सम्मान

कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली नर्सों को बुके और पुष्पमाला पहनाकर किया गया सम्मानित

जांजगीर चाम्पा। छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन नर्सेस समग्र कल्याण संघ के तत्वावधान में मंगलवार को जिला चिकित्सालय जांजगीर में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय में पदस्थ नर्सिंग स्टाफ ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण दौर में अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा करने वाली नर्सों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सेब्रेनियन कुजूर ने नर्सों को बुके एवं पुष्पमाला पहनाकर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन उमा वर्मा और आकांक्षा साहू ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने नर्सों की भूमिका को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने सभी नर्सों को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा देश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था, तब नर्सों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि नर्सों ने दिन-रात मरीजों की सेवा कर मानवता की मिसाल पेश की और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सालय की सफलता में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका सबसे अहम होती है। मरीजों की देखभाल, उपचार के दौरान सहयोग, मानसिक संबल प्रदान करना और अस्पताल की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने में नर्सें हमेशा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. सेब्रेनियन कुजूर ने भी नर्सिंग स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण नर्सिंग पेशे की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए नर्सें हमेशा भरोसे का केंद्र होती हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नर्स सीमा सैमुअल, नर्मदा गोयल सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नर्सों के योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की कामना की गई।

Related Articles

Back to top button