छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजिम कुंभ कल्प, शिवरीनारायण मेला एवं सिरपुर महोत्सव की दी शुभकामनाएं


रायपुर | मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने माघपूर्णिमा के पावन अवसर पर 01 फरवरी से प्रारंभ हो रहे राजिम कुंभ कल्प, शिवरीनारायण मेला एवं सिरपुर महोत्सव के लिए प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महानदी, पैरी एवं सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम पर आयोजित राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसकी ऐतिहासिक गरिमा को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से ‘राजिम माघी पुन्नी मेला’ को पुनः राजिम कुंभ कल्प नाम दिया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष राजिम कुंभ कल्प का आयोजन 01 फरवरी (माघपूर्णिमा) से 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक किया जाएगा, जिसे रामोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान पुण्य स्नान, साधु-संतों के प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने माघपूर्णिमा पर शिवरीनारायण में महानदी, शिवनाथ एवं जोंक नदी के संगम पर लगने वाले मेले तथा महानदी तट पर प्रारंभ हो रहे सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये आयोजन राज्य की लोक संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और पर्यटन को नई पहचान देंगे।

Related Articles

Back to top button