कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

खाद कारोबारियों पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 2638 बोरी उर्वरक जब्त

अनियमितता और अवैध भंडारण पर कार्रवाई, एक कृषि केंद्र सीलबंद; बिक्री पर भी लगी रोक

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने विभिन्न निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण कर कुल 2638 बोरी रासायनिक उर्वरक जब्त किए हैं। साथ ही एक कृषि केंद्र को सीलबंद कर दिया गया है।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेसर्स दिशा सेल्स, चांपा में उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में अनियमितता पाई गई। इसके बाद उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत 1150 बोरी एनपीके, 428 बोरी एसएसपी (दानेदार), 630 बोरी एसएसपी (पाउडर) और 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई।

पिसौद में कृषि केंद्र सीलबंद

वहीं विकासखंड बलौदा के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र में छापेमार कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में उर्वरकों का अवैध भंडारण पाया गया। यहां से 98 बोरी यूरिया, 94 बोरी जिंकेटेड एसएसपी, 70 बोरी ट्रिपल सुपर फॉस्फेट और 70 बोरी एनपीके जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद विक्रय प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी रोकने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिलेभर में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

10023963942142421362463261890

Related Articles

Back to top button