रेत के अवैध कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 11 वाहन जब्त

केवा-नवापारा और हाथनेवरा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई, रेत खदान का पहुंच मार्ग भी किया गया बंद
🔴 Aaj Ki Baat News
जांजगीर-चांपा, 05 जून 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा (नवापारा) और हाथनेवरा क्षेत्र में औचक जांच कर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को जब्त किया है।
5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर पकड़े गए
खनिज विभाग की जांच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टरों को मौके पर पकड़ा गया। सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने नवापारा रेत खदान क्षेत्र का निरीक्षण किया। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए खदान तक पहुंचने वाले मार्ग को जेसीबी मशीन से काटकर बाधित कर दिया गया, ताकि बिना अनुमति रेत परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। जब्त किए गए 11 वाहनों में से 9 वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा तथा 2 ट्रैक्टरों को थाना नवागढ़ में सुरक्षार्थ रखा गया है।
खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
खनिज अधिकारी ने बताया कि सभी प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के सख्त निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





