आम की छांव में मुख्यमंत्री की चौपाल, खाट पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

निमधा में नर्सिंग कॉलेज, मिनी स्टेडियम और मंगल भवन की घोषणा, अधिकारियों को चेतावनी और महिलाओं को दिया ‘करोड़पति दीदी’ बनने का मंत्र।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शनिवार को मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में आत्मीय और जनकेंद्रित संवाद देखने को मिला। मुख्यमंत्री गांव के बीच आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनते हुए शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली।
ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बिजली, पानी, राशन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
तीन बड़ी घोषणाओं की सौगात
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों एवं मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, ग्राम निमधा में मिनी स्टेडियम तथा सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों को स्वीकार करते हुए तीनों की तत्काल घोषणा की।
बिजली समस्या पर मौके पर लिया संज्ञान
ग्रामीणों द्वारा बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं की जानकारी दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाएगा।

लापरवाह अधिकारियों को दी चेतावनी
राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित राजस्व निरीक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। मुख्यमंत्री के इस रुख को ग्रामीणों ने सराहा।
महिलाओं को दिया ‘करोड़पति दीदी’ बनने का मंत्र
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों से संवाद करते हुए कहा कि अब लक्ष्य केवल लखपति बनना नहीं, बल्कि करोड़पति दीदी बनना होना चाहिए। महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि बच्चों की शिक्षा और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवास सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

जल्द शुरू होगी सीएम हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही सीएम हेल्पलाइन प्रारंभ की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकेंगे तथा उनके त्वरित निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
महिला समूहों ने भेंट किए स्थानीय उत्पाद
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विष्णु भोग चावल, ब्लैक राइस, शहद, पापड़ और लड्डू जैसे स्थानीय उत्पाद भेंट किए। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता की सराहना की।
स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद
ग्रामीण परिवेश में आयोजित चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने सरई के दोना-पत्तल में परोसे गए जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत, आम की चटनी और आमपना जैसे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
‘आजीविका गाथा’ पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री ने जिले की स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की सफलता की कहानियों पर आधारित ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक महिलाओं के संघर्ष, आत्मविश्वास और सफलता की प्रेरक गाथा है, जो अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगी।
जनता के बीच पहुंचकर समझ रहे वास्तविक जरूरतें
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका यह दौरा केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि लोगों के बीच बैठकर उनकी वास्तविक जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास है। सुशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और राज्य सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





