इजराइल में नौकरी का सुनहरा मौका, 3500 होम केयरगिवर पदों पर भर्ती

10वीं पास से लेकर नर्सिंग एवं केयरगिवर डिप्लोमा धारकों के लिए अवसर, चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2 लाख रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। इजराइल में होम केयरगिवर (Home Caregiver) के 3500 पदों पर भर्ती के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया इजराइली नियोक्ताओं द्वारा की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जांजगीर-चांपा में संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। इसके साथ जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, नर्सिंग सहायक, जनरल नर्सिंग एवं मिडवाइफरी (GNM), बीएससी नर्सिंग, केयरगिवर सर्टिफिकेट, फिजियोथेरेपी असिस्टेंट डिप्लोमा एवं फिजियोथेरेपी टेक्नीशियन डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा और अन्य पात्रता
आवेदकों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अंग्रेजी भाषा का बुनियादी ज्ञान आवश्यक है। अभ्यर्थी शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम ऊंचाई 152 सेंटीमीटर तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना अनिवार्य है।
लगभग 2 लाख रुपये मासिक वेतन
विभाग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में कार्य करने पर लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा। प्रारंभिक अनुबंध अवधि 2 वर्ष की होगी, जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है। नियोक्ता द्वारा आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
यहां करें पंजीयन
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के मुख्य पृष्ठ पर “विदेशों में रोजगार के अवसर (Israel Home Based Caregiver)” विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जांजगीर-चांपा से संपर्क किया जा सकता है।




