किसानों को बड़ी राहत: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी के लिए मिले अतिरिक्त दो दिन

05 और 06 फरवरी 2026 तक तीन श्रेणी के किसान कर सकेंगे धान विक्रय
रायपुर। प्रदेश के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत दी गई है। राज्य सरकार ने तीन श्रेणी के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस — 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक खरीदी की अनुमति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, जिन किसानों को पूर्व में किसी कारणवश धान विक्रय का अवसर नहीं मिल पाया था, उन्हें इस अतिरिक्त अवधि में लाभ मिलेगा। अतिरिक्त खरीदी अवधि में निम्न तीन श्रेणी के किसान धान विक्रय कर सकेंगे—
वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया, लेकिन सत्यापन नहीं हो सका।
वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद आवेदन किया, तथा सत्यापन के उपरांत उनके पास धान पाया गया है।
वे किसान, जिन्हें 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे।
किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शासन द्वारा बारदाना, हमाल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति उसकी संवेदनशीलता तथा उनकी उपज के सुरक्षित, पारदर्शी एवं सुचारु विक्रय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



