जनसेवाजाँजगीर -चाँपा

CSP योगिताबाली खापर्डे बुनकर महिलाओं के बीच पहुंचीं, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

ग्राम सिवनी की आदर्श कोसा सहकारी बुनकर समिति में महिलाओं से संवाद, हथकरघा उद्योग की सराहना करते हुए नशे और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चांपा

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को CSP योगिताबाली खापर्डे ने चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी स्थित आदर्श कोसा सहकारी बुनकर समिति का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बुनकर महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। समिति के संचालक मनमोहन देवांगन ने समिति की स्थापना, कोसा बुनाई की प्रक्रिया, महिलाओं को दिए जा रहे रोजगार तथा हथकरघा उद्योग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

हथकरघा उद्योग की सराहना

CSP योगिताबाली खापर्डे ने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे कोसा वस्त्रों और उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय हस्तशिल्प और हथकरघा उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा पर किया जागरूक

Csp ने  “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी देने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की।

महिला एवं साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर ने भी महिलाओं से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू ने महिला सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव, आपातकालीन पुलिस सहायता और हेल्पलाइन संबंधी जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने पुलिस के साथ संवाद कर नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button